
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में 4 दिन पहले हुई महिला की हत्या मामले में पुलिस ने उसके ही पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी को शक था कि विधवा महिला जादू टोना करती है। इसके चलते उसकी पत्नी बीमार रहती है। इसी शक में वह देर रात को महिला के निर्माणाधीन मकान में घुस गया। बरामदे में सो रही महिला के सिर पर डंडे से वार कर किया और फिर चारपाई में आग लगा कर जला दिया। मामला कुकदूर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम दैहानटोना निवासी सखीना मेरावी (45) का 10 मई को 100 फीसदी जली हुई हालत में शव मिला था। आसपास के लोगों ने मकान से आग की लपटें निकलती देखी तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड पहुंची तो ह दरवाजा बाहर से बंद था। आग पर काबू होने के बाद पुलिस अंदर घुसी तो देखा कि सारा सामान जलकर राख हो चुका था। वहीं बरामदे में महिला का शव पड़ा था। वह अकेले ही रहती थी।
पूछताछ में परमेश्वर ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले – उसकी शादी दैहानटोला निवासी लड़की से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी की तबीयत खराब रहने लगी। इस पर उसने अंध विश्वास के चलते कई जगह झाड़-फूंक कराई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कोई सुधार नहीं होने से परमेश्वर अपनी पत्नी को लेकर ससुराल आ गया और यहां विधवा महिला के अकेले रहने चलते परमेश्वर को शक हुआ कि सखीना जादू-टोना करती है।
इसी के चलते उसका दांपत्य जीवन बर्बाद हो गया है। परमेश्वर ने पुलिस को बताया कि वह 9 मई को एक परिचित की शादी में गया था। वहां सखीना बाई को देखा तो गुस्से से भर गया। इसके बाद सखीना की हत्या करने की नीयत से रात तक इंतजार करता रहा। देर रात सखीना के निर्माणीधन मकान की खिड़की से परमेश्वर अंदर दाखिल हुआ। परमेश्वर ने बताया कि सखीना बाई अंदर सोई हुई थी।