
- शहर के म्यूनिस्पल स्कूल खेल मैदान का होगा अब कायाकल्प
- लॉन घास की हरीतिमा से बढ़ेगी शोभा
- 31 लाख 96 हजार रूपए की लागत से लगाया जा रहा लॉन घास
राजनांदगांव 25 मई 2023। महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने शासकीय सर्वेश्वर दास स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय राजनांदगांव के खेल मैदान में लॉन घास लगाने के लिए भूमिपूजन किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री कुलबीर सिंह छाबड़ा, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सर्वश्री सतीश मसीह, संतोष पिल्ले, भागचंद साहू, श्रीमती दुलारी बाई साहू, गणेश पवार, पार्षद श्री शरद पटेल, पार्षद प्रतिनिधि श्री सचिन टुरहाटे, छत्तीसगढ़ प्रदेश हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री फिरोज अंसारी की उपस्थिति रहे।
महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शासकीय सर्वेश्वरदास स्कूल मैदान में लॉन घास लगाया जा रहा है। इससे खिलाडिय़ों को खेलने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस मैदान में पहले अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के साथ- साथ अनेक बड़े खेल प्रतियोगिता आयोजित हुये है। आज भी यहां विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित होती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने निजी स्कूलों की तर्ज पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मध्यम वर्ग के बच्चों के शिक्षा के लिए खोला है और यह स्कूल सर्वेश्वरदास स्कूल में संचालित हो रहा है। यहां के विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों के लिए उनकी सोच के अनुरूप लॉन घास लगाकर स्कूल मैदान का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
वार्ड पार्षद श्री कुलबीर सिंह छाबड़ा ने आभार जताते हुए जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लॉन घास लगने से मैदान का जीर्णोद्धार होगा। वहीं स्कूली बच्चों के साथ-साथ खिलाडिय़ों में उत्साह का संचार होगा।
उल्लेखनीय है कि शहर के म्यूनिस्पल स्कूल खेल मैदान का अब कायाकल्प होगा। अब वहां लॉन घास की हरीतिमा से शोभा बढ़ेगी और स्कूल के बच्चों को खेलने एवं अन्य गतिविधियों के लिए उम्दा स्थान मिलेगा। कलेक्टर एवं अध्यक्ष प्रबंध कारिणी समिति श्री डोमन सिंह ने जिला खनिज संस्थान न्यास डीएमएफ से म्यूनिस्पल स्कूल खेल मैदान में लॉन घास कार्य के लिए 31 लाख 96 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
कलेक्टर श्री सिंह की पहल पर म्यूनिसपल स्कूल खेल मैदान में लॉन घास लगाया जा रहा है, ताकि यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ ही एक अच्छा माहौल मिले। बच्चों को धूल भरे वातावरण से मुक्ति मिलेगी। कलेक्टर ने इस कार्य के लिए उद्यानिकी विभाग को कार्य एजेंसी बनाया है।
कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को यह कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके शुभारंभ के साथ ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा। कार्यक्रम में उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री राजेश सहित विभाग के लोगों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।