
जिले में धूमधाम से मनाया जा रहा धान खरीदी उत्सव
– किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को तहे दिल से कहा शुक्रिया
राजनांदगांव 15 नवम्बर 2024। जिले में धान खरीदी उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। किसानों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में किसान धान उपार्जन केन्द्रों में अपना धान लेकर पहुंच रहे हैं। किसानों ने धान उपार्जन केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं की प्रशंसा की। ग्राम खैरझिटी के किसान श्री गोविंदराम साहू अपने ट्रेक्टर पर धान उपार्जन केन्द्र पदुमतरा धान की बिक्री के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे महामाया और मासुरी किस्म की 73 क्विंटल धान बिक्री के लिए लेकर आए हैं।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही है। जिससे हम किसान सही मूल्य पर अपने धान की बिक्री कर पा रहे है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार धान का बहुत अच्छा समर्थन मूल्य दे रही है। जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को तहे दिल से शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्र पदुमतरा में किसानों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। इलेक्ट्रानिक तौल यंत्र में बारदाना की तौलाई की जा रही है, जो बहुत ही सुविधाजनक है।

ग्राम भेड़ीकला के किसान श्री तारेन्द्र साहू धान उपार्जन केन्द्र गठुला धान की बिक्री के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे 156 क्विंटल धान की बिक्री के लिए आए है। उन्होंने कहा कि धान की बिक्री से लगभग 4 लाख 83 हजार रूपए की राशि प्राप्त होगी। यहां किसानों के लिए बहुत ही सकारात्मक महौल है। उन्होंने बताया कि वे पहले नागपुर में कपड़ा मिल में कार्य करते थे, लेकिन कोरोना काल में उनकी नौकरी छूट गई, तो वे गांव आकर खेती-किसानी का कार्य करते हुए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हंै।

उन्होंने बताया कि वे कृषि की आधुनिक पद्धति को अपनाते हुए कृषि कार्य कर रहे है। लोगों का रूझान खेती-किसानी की ओर बढ़ा है। धान की बिक्री के लिए उपार्जन केन्द्र पहुंचे ग्राम बोरी के किसान श्री किसुराम देवांगन ने बताया कि उन्होंने 1.5 एकड़ में में फसल ली है और उत्पादन अच्छा हुआ है। ग्राम चवरढाल के किसान श्री चैतुराम वर्मा 190 बोरी धान बिक्री के लिए उपार्जन केन्द्र पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 6 एकड़ भूमि पर धान की पैदावार हुई। इस वर्ष धान की अच्छी फसल हुई है। समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री से प्राप्त राशि में खाद एवं दवा में उपयोग किया गया।