लोक निर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ए.सी.आई.) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री साहू ने ए.सी.आई. के विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव को कैथलैब की सभी अत्याधुनिक मशीनों को शीघ्र शुरू करने कहा। उन्होंने धड़कन के इलाज की मशीन इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी का भी अवलोकन किया। लोक निर्माण मंत्री ने आई.सी.सी.यू. में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा। उन्होंने ओ.पी.डी. के निरीक्षण के दौरान इलाज के लिए आए मरीजों से चर्चा कर उपचार के बारे में जानकारी ली।

लोक निर्माण मंत्री श्री साहू ने विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर में एपोक्सी फ्लोर लगाए जाने की तत्काल मंजूरी दी। उन्होंने ए.सी.आई. के जनरल वार्ड और बाल हृदय रोग वार्ड के निर्माण के लिए स्वीकृत कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने कहा। उन्होंने अस्पताल परिसर में विद्युत व्यवस्था, गार्डर्निंग, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग और पोर्च निर्माण के लिए भी तत्काल स्वीकृति दी। श्री साहू ने भविष्य में हृदय के सर्वसुविधायुक्त सात मंजिला (Ground+6) अस्पताल एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट बनाने हेतु विस्तार योजना का अवलोकन किया। उन्होंने इसके प्रथम चरण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य चरणों में होने वाले व्यय की जानकारी उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने ए.सी.आई. के विस्तार में होने वाले व्यय की राशि वर्षवार उपलब्ध कराए जाने की बात कही।
श्री साहू ने ए.सी.आई. को हृदय रोगों के इलाज के लिए देश का अग्रणी संस्थान बनने पर बधाई दी। उन्होंने भविष्य में इसे देश के सर्वश्रेष्ठ सेन्टरों में शुमार करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। ए.सी.आई. के निरीक्षण के दौरान उनके साथ विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू, डॉ. जोगेश, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।