
कवर्धा – जिले में लगातार बढ़ते हत्या और अपराध के ग्राफ के बीच गुरूवार को चिल्फी थाना से महज सौ से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी के साथ खूनी खेल खेलते हुए उसकी बेरहमी से डंडे से पीट-पीटकर कर हत्या कर दी।
हैरानी की बात है कि घर के बाहर और वह भी थाना से मात्र सौ से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर हुई इस हत्या की पुलिस को भनक तक नहीं लग पाई और आरोपी अपने मनसूबों को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। बाद में घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची चिल्फी पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया और उसकी तलाश शुरू कर दी लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने स्वयं ही पुलिस थाना पहुंचकर अपने आपको कानून के हवाले कर दिया जिसे पुलिस ने धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार की तड़के चिल्फीघाटी में उस समय सनसनी फैल गई जब चिल्फी छात्रावास में पदस्थ कर्मचारी दशरथ यादव आयु 55 वर्ष का अपनी पत्नी श्रीमती सीमा यादव आयु 35 वर्ष से पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा की पति दशरथ ने अपना आपा खोते हुए डंडे से अपनी पत्नी की बेरमी से घर के बाहर ही पिटाई कर दी।
बताया जाता है कि इसी दौरान सिर पर डंडे की जोरदार मार लगने से सीमा लहुलुहान होकर अचेत हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया वहीं घटना के बाद आस पड़ोस के लोगों ने इसकी जानकारी चिल्फी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को बरामद कर लिया और आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
पहली पत्नी की भी कर चुका है हत्या?
आरोपी के संबंध में पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी दशरथ यादव चिल्फी छात्रावास में कार्यरत है और सीमा उसकी दूसरी पत्नी है। जानकारी यह भी निकलकर सामने आई है कि आरोपी ने अपनी पहली पत्नी की भी हत्या की थी। पड़ोसियों के मुताबिक दशरथ के पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं और तीनो काफी बड़े है जबकि दूसरी पत्नी से उसकी एक 6 माह की बच्ची है। पड़ोसियों ने बताया कि मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद फिलहाल बच्ची अकेली हो गई है।









































