खैरागढ़ : छुईखदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई दो गौ-तस्कर गिरफ्तार 10 मवेशी हुए मुक्त…

खैरागढ़ । जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्ती दिखाते हुए इस सप्ताह दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। थाना छुईखदान पुलिस ने दो गौ-तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ले जाते हुए मुक्त कराया है। जब्त किए गए पशुओं की कुल कीमत लगभग ₹23,000 बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लंझियाटोला के कुछ लोग मवेशियों को बिना चारा-पानी दिए क्रूरतापूर्वक कत्लखाने ले जा रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम बाबुनवागांव के पास बैगिन बांध क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

मौके पर पुलिस ने 10 मवेशियों को जब्त किया, जिनमें 4 गाय, 5 बछिया और 1 बछड़ा शामिल हैं। सभी मवेशियों को बिना किसी वैध दस्तावेज़ के ले जाया जा रहा था।
थाना छुईखदान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध क्रमांक 370/2025 दर्ज कर विवेचना में लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  1. प्रेमदास महिलांगे, पिता भागेला महिलांगे (उम्र 27 वर्ष), निवासी लंझियाटोला
  2. नंदकुमार सोनके, पिता राधेलाल सोनके (उम्र 34 वर्ष), निवासी लंझियाटोला
    पुलिस ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पशु तस्करों और अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।