पुरी में आयोजित 40वें IATO वार्षिक अधिवेशन में छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा ने किया राज्य की पर्यटन क्षमताओं का प्रदर्शन…

पुरी। छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने शुक्रवार को 40वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) वार्षिक अधिवेशन में छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर भारत सरकार के पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, ओडिशा की उपमुख्यमंत्री सुश्री पार्वती परिदा, पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा देश-विदेश के पर्यटन उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अपने संबोधन में श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक अधोसंरचना का अनोखा संगम है। राज्य अब न केवल पारंपरिक पर्यटन बल्कि MICE पर्यटन (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्ज़िबिशन) के लिए भी तैयार है और बड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है।

उन्होंने IATO आयोजक टीम को भविष्य में छत्तीसगढ़ में अधिवेशन आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही, उपस्थित सभी ट्रैवल ऑपरेटरों से छत्तीसगढ़ का भ्रमण करने और पर्यटन निवेश एवं उद्योग सहयोग में भागीदार बनने का आह्वान किया।

श्री शर्मा ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख गंतव्य बनकर उभरेगा।