बिलासपुर: पढ़ाई के बीच हादसा,जेब में रखा मोबाइल फटा, छात्र झुलसा…

बिलासपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में आज एक छात्र के साथ मोबाइल विस्फोट की चौंकाने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, छात्र राम कश्यप दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच पढ़ाई समाप्त कर भोजन के लिए बाहर निकले थे, तभी अचानक उनकी पैंट की जेब से धुआं निकलने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साथ मौजूद उनके मित्र शिवेंद्र सिह ने सबसे पहले धुआं उठते देखा। देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई और जेब में रखा मोबाइल अचानक आग की लपटों के साथ फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में छात्र के दोनों हाथों और दाहिने पैर में जलने की चोटें आई हैं। स्थिति को भांपते हुए छात्र ने तत्काल अपनी पैंट उतार दी, जबकि उसके साथी ने आग बुझाने में मदद की.