बिलासपुर:75 वर्षीय बुजुर्ग ने 45 साल की महिला से किया प्रेम विवाह मोहल्ले वालों ने बारात निकाल कर मनाया जश्न…

बिलासपुर। शहर के चिंगराजपारा इलाके में गुरुवार को एक ऐसा अनोखा विवाह देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। यहां 75 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने से 30 साल छोटी 45 वर्षीय महिला से प्रेम विवाह किया। इस शादी को देखने आसपास के लोग इकट्ठा हुए और जमकर खुशियां मनाईं।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति की पत्नी का वर्षों पहले निधन हो गया था, जिसके बाद वे लंबे समय से अकेले रह रहे थे। वहीं, 45 वर्षीय महिला पहले से विवाहित थीं, लेकिन पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर पिछले 10 वर्षों से अलग रह रही थीं।

पहले से थी पहचान, दोनों ने साथ निभाने का लिया फैसला

दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और समय के साथ उनके बीच स्नेह बढ़ता गया। आखिरकार, दोनों ने समाज की परवाह किए बिना विवाह करने का निर्णय लिया। मोहल्ले वालों ने भी इस फैसले का समर्थन किया और बकायदा बारात निकालकर वरमाला और मांग भरने की रस्म पूरी करवाई।

विवाह के बाद बुजुर्ग दूल्हे ने अपनी मूंछों पर ताव देते हुए कैमरे के सामने फोटो खिंचवाई, मानो संदेश दे रहे हों कि खुशियां उम्र की मोहताज नहीं होतीं।