
भिलाई। थाना उतई पुलिस ने जोरातराई में पारिवारिक विवाद में एक ढाई साल केबच्चे के सिर पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला करने वाले बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार व कपड़े को जप्त कर लिया है।

घायल बालक का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। थाना उतई क्षेत्र अंतर्गत सात फरवरी को पारिवारिक विवाद के दौरान एक ढाई साल के बालक पर प्राणघातक हमला किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर धारा 109, 296, 351(3) बीएनएस के पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रार्थिया द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार आरोपी द्वारा आवेश में आकर बालक के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बालक को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिलाई में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
विवेचना के दौरान आरोपी परदेशी राम देवांगन (65 वर्ष) निवासी बजरंग पारा जोरातराई की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार एवं घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी पुलिस जांच कर रही है।









































