मोहला : चिल्हाटी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, अवैध शराब परिवहन करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार…

मोहला-मानपुर-अं.चौकी। थाना चिल्हाटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो आरोपियों को मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 102 लीटर देशी महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹20,400 है, एवं एक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 यू 6259 जिसकी कीमत लगभग ₹80,000 है, कुल जुमला ₹1,00,400 का माल जब्त किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीताम्बर पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय मेरावी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी नवेल सिंह गोटा (उम्र 30 वर्ष) एवं राहुल गोटा (उम्र 21 वर्ष), दोनों निवासी मुलेटीपदीकसा, थाना कोरची, जिला गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) मोटरसाइकिल में अवैध शराब परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध शराब व मोटरसाइकिल जब्त की।

चूंकि मामला अजमानतीय है, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।