मोहला : नक्सल मुक्त अभियान में सफलता,46 जिंदा कारतूस सहित हथियार बरामद…

मोहला । जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डेडलाइन से पहले माओवादियों के हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने एक AK-47 और एक INSAS रायफल मैगजीन सहित कुल 46 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।


जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में जिला पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम कोवाचीटोला (थाना कोडेकुरसे सीमा क्षेत्र) और मदनवाड़ा के कलवर जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी।


करीब 4 से 5 घंटे की सघन तलाशी के दौरान टेकरी के पास नाले किनारे कटे हुए पेड़ के नीचे काले पॉलिथीन में छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया गया। जांच करने पर इसमें एक AK-47 रायफल (26 राउंड मैगजीन सहित) और एक INSAS रायफल (20 राउंड मैगजीन सहित) मिली। पुलिस द्वारा बरामद हथियारों के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले को 31 मार्च से पहले नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। लगातार चलाए जा रहे अभियानों के चलते क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है।


गौरतलब है कि वर्ष 1985 के आसपास इस क्षेत्र में माओवादियों की सक्रियता शुरू हुई थी। समय के साथ उन्होंने कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त कार्रवाई के चलते अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।


पुलिस के अनुसार, अब जिले में माओवादी संगठन लगभग निष्क्रिय हो चुका है और अधिकांश नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी कर ली है या फिर अभियानों में मारे जा चुके हैं।