रविवार को होगी आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा, 200 पदों पर चयन, बाढ़ से परीक्षा केंद्र पहुंचने में हो सकती है दिक्कत…

रायपुर/छत्तीसगढ़, 26 जुलाई। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन रविवार, 27 जुलाई को किया जा रहा है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य भर में आबकारी विभाग के 200 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित होगी।

Advertisements

परीक्षा को लेकर व्यापम द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से करना होगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 10:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा के पहले और अंतिम आधे घंटे में केंद्र से बाहर जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

इस बार परीक्षार्थियों को जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्हें केवल चप्पल या खुले सैंडल पहनकर ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसके लिए 2 घंटे का समय निर्धारित है।

पहचान पत्र अनिवार्य:

परीक्षार्थियों को अपने साथ फोटो युक्त मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। मान्य पहचान पत्रों में आधार कार्ड, पेन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, विद्यालय का परिचय पत्र या फोटो युक्त अंकसूची शामिल हैं। फोटो कॉपी मान्य नहीं होगी। मूल आईडी के बिना किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

बाढ़ के कारण परेशानी की आशंका:

राज्य के कई जिलों, विशेषकर खैरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण पुलों पर पानी बह रहा है और कई संपर्क मार्ग बाधित हैं। इससे परीक्षा में शामिल होने जा रहे परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन और परिवहन विभाग को इस विषय में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो।