राजनांदगांव:पशु तस्करी के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी…

राजनांदगांव। थाना छुरिया पुलिस को पशु तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मवेशियों से भरी महिंद्रा पिकअप के मुख्य आरोपी वाहन मालिक व चालक को गिरफ्तार किया है, जो घटना के समय मौके से फरार हो गया था।

Advertisements

जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 की रात छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर जा रही एक महिंद्रा पिकअप को थाना छुरिया पुलिस टीम ने ग्राम भकुर्रा के पास घेराबंदी कर पकड़ा था। वाहन में गौवंश भरे हुए थे। पुलिस को देखते ही चालक व वाहन मालिक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था, जबकि वाहन में बैठा हेल्पर संदीप जब्बार मरई को मौके से गिरफ्तार किया गया था।

मामले में थाना छुरिया में अपराध क्रमांक 244/2025 धारा 4, 6, 10 छ.ग. कृषक पशु संरक्षण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी डोमेश उर्फ पप्पू मालघाटी पिता संतोष मालघाटी (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम ककोड़ी, थाना चिचगढ़, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद अपराध में उसकी संलिप्तता पाई गई है। उसे 10 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।