
राजनांदगांव। संस्कारधानी सहित अंचल में रंगों का पर्व पारंपरिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। होलिका दहन के बाद रंग पर्व शुरू हुआ। नगाड़ों की थाप से फाग गीतों की महफिल सजी और स्नेह की पिचकारी से सब रंग सराबोर हुए। राम मंदिर के कारण चौक-चौराहों पर होली खेले रघुवीरा अवैध में गीत की गूंज पर लोग थिरके। सत्यनारायण मंदिर से स्वयं भगवान राधा-कृष्ण निकले और रथ पर सवार होकर भक्तों के संग जमकर होली खेली। रथ से केसरिया रंगों की बारिश होती रही और भक्त झूमते रहे।

पूरे शहर में पुलिस की मुस्तैदी से पर्व के दौरान कोई घटना नहीं हुई और हुड़दंगी ज्यादा नजर नहीं आए। संस्करधानी में दो दिन तक होली की छंटा बिखरी रही। रविवार की देर रात होलिका दहन हुआ फिर रंग पर्व का आगाज हुआ। पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने जमकर होली खेली। चौक- चौराहों पर नगाड़ों की थाप के साथ फाग गीतों की धूम रही। बच्चों का उत्साह देखते ही बना। लोगों ने गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी।

श्रमिक बाहुल्य व आउटर में हुड़दंगी काफी नजर आए। हालांकि पुलिस की चुस्त व्यवस्था के चलते पर्व के दौरान हिंसक घटनाएं नहीं हुई। ज्यादातर लोगों ने संस्कारधानी की परंपरा के अनुरूप होली खेली और रंग पर्व का उत्साह बढ़ाया। श्री सत्यनारायण मंदिर से अखंडब्रह्मांड नायक भगवान राधाकृष्ण को रथ में बैठाने का कार्य माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष एवम महाकाल भक्त पवन डागा तथा खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष राजेश खंडेलवाल के द्वारा किया गया।
मंदिर के आचार्य पंडित कालू महाराज ने मंत्रोचार के साथ पूजा करवाई, आरती पश्चात शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सभी वर्गों की सहभागिता रही। प्रमुख रूप से समिति के अध्यक्ष अशोक लोहिया, संरक्षक विष्णु प्रसाद लोहिया, सचिव सुरेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष हरीश अग्रवाल, उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया, श्याम खंडेलवाल, पवन लोहिया, राजेश शर्मा, रामावतार जोशी, राजेश अग्रवाल राहुल अग्रवाल, सौरभ खंडेलवाल, संतोष सिंघल, कृष्ण कुमार अग्रवाल,
महापौर हेमा देशमुख, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, भजन गायक निखिल मिश्रा, श्याम शर्मा, रूपेश टांक आदि शामिल हुए।









































