राजनांदगांव: अंतरक्षेत्रीय विद्युत फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ…

पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले में मेजबान टीम ने दुर्ग क्षेत्र को 2-0 से दी करारी शिकस्त

राजनांदगांव, 07 फरवरी 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड राजनांदगांव की मेजबानी में आज राजनांदगांव डीपीएस स्कूल मैदान में अंतरक्षेत्रीय विद्युत पॉवर कंपनीज फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता में मेजबान टीम राजनांदगांव क्षेत्र ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए दुर्ग क्षेत्र की टीम को 2-0 से करारी शिकस्त दी। मैच के पहले हॉफ में दोनो टीमों ने आक्रमक खेल दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पहले ही हॉफ में मेजबान टीम ने 2-0 की बढ़त बनाकर मेहमान टीम दुर्ग क्षेत्र पर दबाव बनाया। । प्रतियोगिता के दूसरे मैच कोरबा वेस्ट और रायपुर सेंट्रल के बीच खेला गया, जिसमें कोरबा वेस्ट ने जोरदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रायपुर सेंट्रल की टीम को एक तरफा अंदाज में 5-0 से पराजित किया।

तीसरा मैच बिलासपुर क्षेत्र एवं रायपुर सेंट्रल के बीच खेला गया | दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया लेकिन मुकाबला बराबरी का रहा और दोनों टीमों को ड्रा पर ही संतोष करना पड़ा। चौथा मैच कोरबा वेस्ट और मड़वा क्षेत्र के मध्य खेला गया, जिसमे गत विजेता कोरबा वेस्ट ने फिर से जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए 5-0 से मुक़ाबले को अपना नाम किया। पांचवॉ मुकाबला अंबिकापुर क्षेत्र और कोरबा ईस्ट के बीच खेला गया इस मैच मेें भी दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया परन्तु यह मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ।


क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद राजनांदगांव क्षेत्र के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट के करकमलों द्वारा दीपप्रज्वलन के माध्यम से किया गया। मुख्य अतिथि की आसंदी से श्री सेलट ने संस्कारधानी में सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम भावना से खेलें। प्रदेश स्तर पर आयोजित पॉवर कंपनीज के इस प्रकार के आयोजनों से अधिकारियों/कर्मचारियों के बीच आपसी समझ एवं भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर, श्री के.सी. खोटे, कार्यपालन अभियंता श्री कौशलेन्द्र पाण्डे, श्री आलोक दुबे,श्री एन0के0 साहू, श्री डी0 दिलेश्वर राव, श्री अनिल मिंज, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए।


प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन के पश्चात् अतिथियों ने सभी टीमों के मैनेजर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उद्घाटन समारोह में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित हुये। मैच में निर्णायक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जिला फुटबॉल संघ के अंपायरों व्दारा निभाई। ज्ञात हो कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन 08 फरवरी 2026 को सुबह 09 बजे से 08 लीग मैच खेले जाएंगे।