राजनांदगांव: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा, 9 किलो से अधिक गांजा जप्त…

राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.114 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अप्रैल 2026 को थाना बसंतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति मुंदड़ा कुंज, जीई रोड के पास गांजा बेचने के उद्देश्य से खड़े हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शिव कुमार राय (31 वर्ष), सालिक राम (24 वर्ष), दोनों निवासी पन्ना (मध्यप्रदेश) तथा श्रीमती पुष्पा बर्मन (28 वर्ष), निवासी जबलपुर (मध्यप्रदेश) बताया।


तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे बैग से कुल 9.114 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ थाना बसंतपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।