राजनांदगांव : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उद्यानिकी महाविद्यालय में नारी शक्ति का हुआ सम्मान…

राजनांदगांव 08 मार्च 2025। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उद्यानिकी महाविद्यालय पेंण्ड्री राजनांदगांव में नारी शक्ति के सम्मान के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. उमेश देशमुख ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा  कि नारी का सम्मान सर्वोपरि है। हमारा समाज महिला के उत्थान व विकास के लिए वचनबद्ध है।

डॉ. मीनाक्षी मेश्राम ने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बेहतर कार्य करके समाज को मजबूत करने का काम कर रही हैं और समाज की तरक्की व प्रगति में अपना योगदान दे रही है। एनसीसी कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वर्षा कुमारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का उद्देश्य महिलाओं की सांस्कृतिक, राजनीतिक और सामाजिक-आर्थिक उपलब्धियों को याद करना व उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना है।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मेधा साहा ने कहा कि निर्णय प्रक्रियाओं में महिलाओं के दृष्टिकोण और आवश्यकताएं शामिल हो, जिससे सामाजिक अन्याय, आर्थिक असमानता जैसी चुनौतियों के समाधान में नवाचार संभव है। कार्यक्रम में सरिता सैनी ने कविता के माध्यम से एवं अन्नू, ट्विंकल, जागृति सुरेवाल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास के बारे में तथा कलश वर्मा, जितेश्वरी, जागृति सुरेवाल ने अपने भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से अपने विचारों के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता और देश के प्रति अपनी भावनाओं को प्रभावी रूप से व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ वर्षा कुमारी, डॉ. मेधा साहा, डॉ. संगीता सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।