राजनांदगांव/अंबागढ़ चौकी : ग्राम संसारगढ़ में तेंदुए ने फिर एक गाय को अपने हलक में उतार लिया…

राजनांदगांव/अंबागढ़ चौकी । ब्लॉक मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर दर्शनीय स्थल आमागढ़ जंगल के ठीक किनारे वादियों और पहाड़यों से घिरे ग्राम संसारगढ़ में तेंदुए ने फिर एक गाय को अपने हलक में उतार लिया है ।

Advertisements

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में जंगली जानवर के नाम पर दहशत व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि दोपहर तीन बजे के लगभग संसारगढ़ पहाड़ी के नीचे जंगल में विचरण कर रही एक गाय को तेंदुये ने फिर शिकार बनाया। बताया गया कि तेंदुए द्वारा गाय पर जानलेवा हमला करने के दौरान गाय के आवाज सुनकर ग्रामीण जब जंगल की ओर दौड़े तब देखा कि एक गाय जमीन पर मरी हुई पड़ी है और तेंदुआ गले में वार कर खून पीकर वहां से भाग निकला। इस घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को देते हुए घटना की सूचना गांव वालों ने फोन से वन विभाग को दी है |

हर घर से तेंदुए ने किया शिकार

विकासखंड के ग्राम संसारगढ़ के हर घर से तेंदुआ मुर्गा मुर्गी, सूअर, गाय, बछड़ा पालतू कुत्ता, बदक, बकरा, बकरी आदि पालतू जानवरों को अब तक शिकार बना चुका है। गांव से आधा किलोमीटर दूर पहाड़ी में खूंखार जानवर का डेरा-संसारगढ गांव से सटी पहाड़ी में तेंदुए का एक बड़ा समूह कई सालों से पहाड़ी के गुफा में निवासरत है जो दिन हो या रात कभी भी गांव के किसी भी पालतू जानवर का शिकार करते आ रहे है।

पालतू जानवर नहीं मिलने पर ग्रामीण पहुंच जाते हैं गुफा । जब कभी घर में पाले पालतू जानवर नहीं मिलते तो संसारगढ के ग्रामीण सबसे पहले तेंदुआ की गुफा में जाकर झाकते हैं। जहां पालतू जानवर के मृत शरीर व अवशेष पड़े मिलते हैं जिसे देखकर ग्रामीण वापस आ जाते हैं। यह क्रम कई सालों से लगातार चलते आ रहा हैं ।

ग्रामीणों ने नहीं पहुंचाया जंगली जानवर को आघात

संसारगढ़ के ग्रामीण सुभाष पटेल , कनक पटेल, जयलाल, राजेश, राजेंद्र किरगे, चौकीदार पटेल, शंकु उसारे, दारा कोडापे के मुताबिक गांव के हर घर से जंगली जानवर तेंदुआ और उसके समूह ने पालतू जानवरों को अपने हलक में ले लिया है। बावजूद अपनी नुकसानी को झेलते हुए किसी भी तरह का आघात तेंदुओं को ग्रामीणों ने अब तक नहीं पहुंचाया।