राजनांदगांव : आगामी गणेश विसर्जन झांकी एवं ईद मिलाद-उल-नबी पर्व को लेकर बैठक आयोजित…

राजनांदगांव। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी एवं ईद मिलाद-उल-नबी पर्व को लेकर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के जनसंवाद कक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, श्रीमती वैषाली जैन (भा.पु.से.), नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणेश समिति के पदाधिकारी तथा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में नगर पालिक निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम श्री खेमलाल वर्मा, तहसीलदार श्री अमित श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के जेई श्री मरकाम, दूरसंचार विभाग के एसडीओ श्री मोहन कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू, लालबाग थाना प्रभारी राजेश साहू, चिखली चौकी प्रभारी अरुण नामदेव सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 04 एवं 05 सितम्बर 2025 को निकाली जाने वाली ईद मिलाद-उल-नबी बाइक रैली एवं जुलूस के मार्ग में स्थित गणेश पंडाल समितियां अपने झालर व पंडाल व्यवस्थित करें, ताकि पर्व सौहार्द्र और शांति के साथ संपन्न हो। वहीं 06 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाली गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी के दौरान मार्गों में बाधक बिजली तार, बीएसएनएल केबल एवं पेड़ों की कटाई-छटाई हेतु संबंधित विभागों को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

संबंधित विभागों ने आगामी दो दिनों में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का आश्वासन दिया। बैठक में उपस्थित गणेश समिति एवं मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने भी दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण एवं साम्प्रदायिक सौहार्द्र के साथ मनाने का विश्वास दिलाया।