राजनांदगांव : इतिहास में पहली बार सैकड़ों की संख्या में पटरी पार के खिलाड़ियों ने लिया राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार में भाग…

“रायपुर में आयोजित स्पोर्ट्स साइंस कार्यशाला में पटरी पार के हॉकी खिलाड़ी ने लिया भाग”

“छत्तीसगढ़ हॉकी के मार्गदर्शन में रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी का ऐतिहासिक पहल”

“मृणाल चौबे की मंच पर मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह हुआ दोगुना”

राजनांदगांव। पटरी पार क्षेत्र के हॉकी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सेमिनार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस सेमिनार का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया था। समाहरोह मे बतौर अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, क्रिकेटर शशांक सिंह, बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल एवं फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिसदा शामिल हुए।

कार्यक्रम में देशभर के प्रतिष्ठित खेल विशेषज्ञ, न्यूट्रिशनिस्ट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच ने भाग लिया और खिलाड़ियों को खेल चिकित्सा, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्पोर्ट्स में करियर गाइडेंस पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की मंच पर मौजूदगी

सेमिनार में प्रदेश के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उनके साथ मंच पर क्रिकेटर शशांक सिंह, बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल और फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिसदा भी उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में मृणाल चौबे ने छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदानों की उपलब्धता की प्रशंसा की और खिलाड़ियों से इन मैदानों पर कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला और भविष्य में और अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

ऑडिटोरियम में मृणाल चौबे की मंच पर मौजूदगी ने पटरी पार क्षेत्र के खिलाड़ियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने मंच पर उपस्थित अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सवाल भी पूछे।

खिलाड़ियों का जोश और समाज का सहयोग
पटरी पार क्षेत्र से रायपुर रवाना होने से पहले वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा और कन्हैया सुनील साहू ने बस को हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों को विदा किया। इस अवसर पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी गोविन्द यादव, दिग्विजय श्रीवास्तव और रामदास यादव भी मौजूद रहे। क्षेत्र की महिलाओं ने खिलाड़ियों को तिलक और आरती कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

सेमिनार में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इतिहास में पहली बार, पटरी पार क्षेत्र के खिलाड़ियों ने सैकड़ों की संख्या में राष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स साइंस सेमिनार में भाग लिया और खेल विज्ञान एवं फिटनेस के महत्व को समझा।

खेल दिवस पर चीखली स्कूल में तीन दिवसीय खेल महोत्सव

छत्तीसगढ़ हॉकी के निर्देशानुसार रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पटरी पार क्षेत्र के चीखली स्कूल मैदान में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत फिटनेस जागरूकता रैली से हुई। खिलाड़ियों ने पटरी पार क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर लोगों से फिट रहने की अपील की। इस दौरान “फिट इंडिया तो हिट इंडिया” और “मेजर ध्यानचंद अमर रहें” जैसे नारे गूंजते रहे।

रैली के बाद मेजर ध्यानचंद जी की जीवनी पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया और खिलाड़ियों को फिट रहने की शपथ भी दिलाई गई।