
राजनांदगांव। थाना सोमनी पुलिस एवं सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने रायपुर से राजनांदगांव गांजा लेकर आ रहे एक इलेक्ट्रिक ऑटो को पकड़ते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14.662 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा सहित कुल लगभग 9 लाख 47 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम टेडेसरा में एमसीपी लगाकर रायपुर से राजनांदगांव की ओर आ रहे इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक सीजी 04 क्यूएफ 3543 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो में सीट के पीछे छिपाकर रखे गए 08 छोटे-बड़े पैकेटों में गांजा बरामद किया गया।
मौके पर ऑटो में सवार दुर्गेश रायकर उर्फ विक्की, मो. जुल्फिकार उर्फ राजा और दीपक साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर से गांजा लाकर राजनांदगांव में बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से इलेक्ट्रिक ऑटो, गांजा, मोबाइल फोन, ईयर बड और नकद राशि सहित कुल 9,47,023 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो, थाना प्रभारी अरुण कुमार नामदेव, सहायक उप निरीक्षक राजू मेश्राम, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू, आरक्षक दिनेश वर्मा, सायबर टीम एवं थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










































