
राजनांदगांव- कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने आज डोंगरगांव विकासखंड के धान संग्रहण केन्द्र बीजाभांठा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र से उठाव कर संग्रहण केन्द्र में लाए धान के रख-रखाव का अवलोकन किया। धान की स्टेकिंग पूरा होने के बाद नंबरिंग करने के निर्देश दिए। संग्रहण केन्द्र में प्रतिदिन आने वाले ट्रकों तथा धान की मात्रा की जानकारी ली। बीजाभांठा धान संग्रहण केन्द्र में लगातार धान लाया जा रहा है।

धान स्टेकिंग करने के पहले 2 लेयर डे्रनेज लगाया गया है तथा स्टेकिंग करने के बाद पानी से सुरक्षा के लिए धान को कैप कवर से ढका जा रहा है। धान संग्रहण केन्द्र प्रभारी श्री एसपी देवांगन ने बताया कि संग्रहण केन्द्र में 1 लाख 84 हजार 253 क्विंटल धान का संग्रहण कर लिया गया है। इस संग्रहण केन्द्र में 28 धान खरीदी केन्द्र के धान का संग्रहण किया जा रहा है। पुराने तथा नये बारदाने का स्टेकिंग अलग-अलग किया जा रहा है। लगभग रोज 50-55 ट्रक के माध्यम से धान लाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक हमाल कार्य करते हैं। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगांव श्री हितेश पिस्दा, महाप्रबंधक जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक श्री सुनील वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









































