
– राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश
– दूरभाष पर बात कर पटवारियों को आदेश पारित होने के एक दिवस के भीतर राजस्व अभिलेखों में रिकॉर्ड दुरूस्तीकरण करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 09 मार्च 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज नायब तहसीलदार कार्यालय तुमड़ीबोड़ का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील में दर्ज सभी राजस्व प्रकरणों के शीघ्र एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश नायब तहसीलदार को दिए। कलेक्टर श्री यादव ने पूर्व में आदेश पारित प्रकरणों का अवलोकन किया तथा ई-कोर्ट एवं भुइयां पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित पटवारी को दूरभाष के माध्यम से आदेश पारित होने के एक दिवस के भीतर राजस्व अभिलेखों में रिकॉर्ड दुरूस्तीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार को सभी पटवारियों से समय पर पटवारी प्रतिवेदन प्राप्त कर प्रकरणों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही तहसील क्षेत्र में दर्ज सभी समय-सीमा बाह्य सीमांकन प्रकरणों का निराकरण आगामी दो दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों से उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री विश्वास कुमार उपस्थित थे।










































