
कलेक्टर को अपने घर आने पर अतिथि जैसा स्वागत किया हितग्राही की पत्नी ने
राजनांदगांव 13 जनवरी 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत आरी पहुंचे। कलेक्टर ने यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री कन्हैया देवदास के घर मेहमान बनकर पहुंचे। कलेक्टर को अपने घर आते देख हितग्राही की पत्नी श्रीमती मीना बाई ने अतिथि जैसे स्वागत किया। कलेक्टर ने हितग्राही की पत्नी श्रीमती मीना बाई को शुभकामनाएं दी।
हितग्राही की पत्नी ने बताया कि पहले उनका कच्चा मकान था और मकान बहुत छोटा था। पहले उनके घर कोई मेहमान आते थे तो काफी परेशानी होती थी। घर में उपयुक्त कमरा और सुविधा नहीं होने से बहुत तकलीफ से गुजर बसर होता था। हितग्राही की पत्नी ने बताया कि अब उनके घर में सुविधा युक्त कमरा बना है। घर में शौचालय भी बना है। अब उन्हें दैनिक दिनचर्या के लिए घर से बाहर जाना नहीं पड़ता है।
कलेक्टर ने हितग्राही को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब खुशी-खुशी अपने परिवार के साथ रहे। हितग्राही की पत्नी ने बताया कि 2019-20 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति मिली है। चारों किश्त की राशि 1 लाख 30 हजार रूपए उन्हें मिल गई है। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि उनके लिए पक्का मकान एक सपने जैसा था। जो प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हो गया है। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार, एसडीएम श्री सुनील नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









































