
राजनांदगांव। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस चौकी सुरगी द्वारा नशा सेवन कर घर में वाद-विवाद एवं झगड़ा करने वाले युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में अपराध की रोकथाम, नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भर्रेगांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सुरगी में फोन कर सूचना दी कि उसका छोटा भाई टिकेश्वर बंजारे प्रतिदिन नशा सेवन कर घर के परिजनों से वाद-विवाद एवं लड़ाई-झगड़ा करता है। शिकायत के सत्यापन एवं पूछताछ के दौरान पाया गया कि संबंधित युवक नशा सेवन का आदी है तथा नशे की हालत में परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए विवाद कर रहा था, जिससे शांति एवं कानून व्यवस्था भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की प्रबल संभावना बनी हुई थी।
उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए अनावेदक टिकेश्वर बंजारे, पिता देवेंद्र बंजारे, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भर्रेगांव, पुलिस चौकी सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव (छ.ग.) के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगाशा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल कराया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।









































