राजनांदगांव : गणेश प्रतिमा झांकी विसर्जन हेतु विशेष सुरक्षा व यातायात व्यवस्था…

राजनांदगांव। आगामी 06 सितम्बर 2025 को आयोजित होने वाले गणेश प्रतिमा झांकी विसर्जन के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री मुकेश ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में संपूर्ण योजना तैयार की गई है।

झांकियां शहर के तीन प्रमुख मार्गों से मानव मंदिर चौक पहुंचेगी—

  1. महावीर चौक से मानव मंदिर चौक
  2. गुरूनानक चौक से मानव मंदिर चौक
  3. दुर्गा चौक से मानव मंदिर चौक

मानव मंदिर चौक पर सभी झांकियां एकत्र होकर प्रशासन द्वारा तय बैच एवं रैंक के अनुसार आगे बढ़ेंगी। निर्धारित विसर्जन मार्ग होगा— गुरुद्वारा → मानव मंदिर → आजाद चौक → भारत माता चौक → कामठी लाइन → सुरजन गली → रामाधीन मार्ग → तिरंगा चौक → गंज चौक (विसर्जन स्थल)।

सुरक्षा प्रबंधन के तहत 800 से अधिक पुलिस बल तैनात रहेंगे। इसके साथ ही 17 पैदल पेट्रोलिंग टीम, 13 फिक्स पिकेट, 6 सादी वर्दी टीमें, 4 आउटर वाहन, 5 मोटरसाइकिल पार्टियां, 4 एडी स्क्वॉड पार्टियां तथा 35 गणेश झांकी व्यवस्था टीमें लगाई गई हैं। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे।

व्यवस्था में सहयोग के लिए नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड, क्रेन व बिजली विभाग को अलर्ट किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं— स्टेट स्कूल, फ्लाई ओवर, दिग्विजय क्लब, गुरूनानक चौक, महावीर चौक, भगत सिंह चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, टांकापारा, बुढ़ा सागर, शीतला मंदिर, साइंस कॉलेज, गुजराती स्कूल एवं बख्शी स्कूल।

राजनांदगांव पुलिस की अपील – गणेशोत्सव श्रद्धा और आस्था का पर्व है, इसकी गरिमा बनाए रखने में सभी समितियां एवं श्रद्धालु सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को प्रोत्साहित न करें।