
राजनांदगांव। परियोजना बालक आदिवासी छात्रावास बजरंगपुर नवागांव की निगरानी समिति के अध्यक्ष पद पर गेमु कुंजाम को मनोनीत किया गया है। कुंजाम भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ता माने जाते हैं। उन्होंने पार्टी द्वारा सौंपे गए सभी दायित्वों को अब तक बखूबी निभाया है।

वर्तमान में कुंजाम उत्तर मंडल कार्यकारिणी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के प्रदेश सचिव भी हैं। छात्रावास में निवासरत बच्चों के हितों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से यह निगरानी समिति गठित की गई है।
पिछले वर्षों में कुंजाम द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के पश्चात नवनियुक्त अध्यक्ष गेमु कुंजाम ने कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों की पढ़ाई, स्वच्छता, सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कुंजाम ने कहा कि एसटी-एससी वर्ग के बच्चे अपने घरों से दूर रहकर यहां शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, इसलिए उन्हें बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
गेमु कुंजाम के इस नियुक्ति पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष पारस वर्मा, वरिष्ठ पार्षद सावन वर्मा और उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमित सिंह भाटिया ने बधाई दी है।









































