राजनांदगांव: गोंदिया से पकड़ा गया बाइक चोर, पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद…


राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली एवं सायबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त कार्रवाई में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी हुई पांच मोटरसाइकिलों को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 से 2025 के बीच विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना कोतवाली और सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान मिले तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस टीम महाराष्ट्र के गोंदिया जिले पहुंची। वहां संदेह के आधार पर संघर्ष सुभाष डोंगरे (18 वर्ष 10 माह) निवासी कावड़ी, थाना साल्हेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने राजनांदगांव से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें अपने गांव ले जाना स्वीकार किया।


आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 05 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 6 हजार 759 रुपये बताई गई है। बरामद वाहनों में ड्रीम योगा, सीबी साइन, हीरो होंडा साइन और दो बुलेट मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, सायबर सेल एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।