राजनांदगांव 08 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जा रहा है। जिससे आवेदकों को समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके। इसी कड़ी में राजनांदगांव के बख्शी वार्ड क्रमांक 4 नया ढाबा निवासी दिव्यांग सुश्री शशि बंजारे द्वारा अपने स्व-रोजगार की शुरूआत के लिए ऋण उपलब्ध कराने आवेदन कलेक्टर जनदर्शन को प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक जांच कर ऋण स्वीकृत कराने निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के अंतर्गत ऐसे महिलाएं जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं, उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। दिव्यांग सुश्री शशि बंजारे द्वारा प्राप्त आवेदन का विभाग द्वारा नियमानुसार जांच उपरांत उनके खाते में ऋण राशि स्वीकृत की गई। प्राप्त राशि से उन्होंने सिलाई मशीन खरीदकर श्रृष्टि लेडिस टेलर एवं सिलाई सेंटर नाम से अपना रोजगार प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया है।