
सोलर पैनल लगने से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल में आई कमी
केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को अधिकतम 1 लाख 8 हजार रूपए तक की सब्सिडी की जा रही प्रदान
सोलर रूफटॉप स्थापना नागरिकों के लिए अधिक किफायती और सुलभ
राजनांदगांव 05 मार्च 2026। जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है। इस योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को अधिकतम 1 लाख 8 हजार रूपए तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे सोलर रूफटॉप स्थापना आम नागरिकों के लिए अधिक किफायती और सुलभ हो गई है। जिले में अब तक कुल 8 हजार 416 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 3 हजार 727 लाभार्थियों ने वेंडर का चयन कर लिया है। वहीं 1 हजार 584 घरों में सोलर पैनलों की स्थापना पूरी हो चुकी है तथा 991 उपभोक्ताओं को सब्सिडी राशि का वितरण भी किया जा चुका है। फरवरी माह में योजना के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान 721 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 433 घरों में सोलर पैनलों की स्थापना पूर्ण की गई। जिले में योजना के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है और नागरिक सक्रिय रूप से इससे जुड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। सोलर पैनल लगने से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आई है। कई घरों में बिजली बिल शून्य अथवा नकारात्मक भी आ रहा है, यानी उपभोक्ता अतिरिक्त उत्पादित सौर ऊर्जा को ग्रिड में आपूर्ति कर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं। इससे न केवल परिवारों को आर्थिक लाभ मिल रहा है, बल्कि वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवारों तक शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण सोलर इंस्टॉलेशन, समयबद्ध सब्सिडी वितरण और उपभोक्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ लेकर अपने घरों को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा से सशक्त बनाएं।









































