- टीकाकरण से छूटे हुए नागरिक, 15 से 18 आयु के बच्चे और फ्रंट लाईन वर्कर एवं 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक बूस्टर डोज जरूर लगाएं : कलेक्टर
- टीकाकरण विशेष महाभियान में नागरिकों से सहयोग की अपील
राजनांदगांव – जिले में बुधवार 12 जनवरी और गुरूवार 13 जनवरी को कोविड टीकाकरण के लिए विशेष महाभियान रहेगा। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने जिलेवासियों से अपील की है कि इस विशेष महाभियान में कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षा के लिए टीकाकरण जरूर कराएं। उन्होंने कहा है कि देश में कोविड-19 के नए ओमिक्रॉन वेरिएंट वायरस के पहुंचने से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
राजनांदगांव जिले में कोविड वैक्सीनेशन का प्रथम डोज का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, किंतु खतरा अभी भी बरकरार है और अब हमें और अधिक जिम्मेदारी और गंभीरता से छूटे हुए लोगों का सेकण्ड डोज वैक्सीनेशन शत-प्रतिशत पूरा करना है। जिले में छूटे हुए 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चे व नागरिक को कोविड टीकाकरण तथा फ्रंट लाईन वर्करों एवं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों का बूस्टर डोज वैक्सीनेशन अभियान चलाकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के मजबूत प्रयास से शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन में सफलता प्राप्त कर सकते हंै।
नागरिक इस महाभियान में टीकाकरण कराकर संक्रमण की रोकथाम करने में सहयोग दें।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने वैक्सीनेशन के लिए सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं बीएमओ को आपसी समन्वय से रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर लें। जिले में मेडिकल मोबाईल टीम और कोविड टीकाकरण टीम द्वारा टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि टीकाकरण होने के बाद भी कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन जरूर करें। मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और समय-समय पर हाथों को सेनेटाईज करते रहे।










































