
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
राजनांदगांव, 16 सितम्बर।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष मनीष देवांगन ने आज पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव को ज्ञापन सौंपकर जिले में संचालित होटलों में चल रही अवैध गतिविधियों, देह व्यापार और नशे के अड्डों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि लंबे समय से जिले के विभिन्न होटलों में अवैध धंधों का संचालन हो रहा है। शराब व नशे की सप्लाई, जुआ-सट्टा और देह व्यापार जैसी गतिविधियां इन होटलों से खुलेआम चल रही हैं, जिससे जिले के युवाओं और समाज पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार इस संबंध में शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद होटल संचालकों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थिति यह है कि होटलों के इर्द-गिर्द असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
देवांगन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले में संचालित सभी होटलों की सघन जांच की जाए और जो होटल अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाएं, उन पर कठोर कार्रवाई कर उनकी लाइसेंस निरस्त किए जाएं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को भी भेजी गई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा









































