
राजनांदगांव /डोंगरगांव । समीपवर्ती ग्राम बगदई में नया सरपंच चुनने हेतु मतदान होगा। यहां सरपंच पद पर दो महिलाओं में दिलचस्प मुकाबला है। इस पद हेतु जहां वर्तमान में पंच तथा प्रभारी सरपंच खिलेश्वरी निषाद चुनाव मैदान में है, वहीं उनकी टक्कर छह माह पूर्व अविश्वास प्रस्ताव में अपनी सीट गंवाने वाली भगवती निर्मलकर से है।
विदित हो कि ग्राम पंचायत बगदई की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग महिला हेतु आरक्षित है। यहां वर्तमान कार्यकाल के शुरूआत में भगवती निर्मलकर सरपंच पद पर चुनकर आई थीं। लेकिन दो साल बाद ही उन्हें उपसरपंच सहित अनेक पंचों द्वारा लाये गये अविश्वास प्रस्ताव में हटना पड़ा था। इसके बाद नियमानुसार इसी वर्ग की महिला पंच खिलेश्वरी निषाद को प्रभारी सरपंच बनाया गया है। प्रदेश में उपचुनाव की घोषणा के क्रम में ब्लॉक में एकमात्र बगदई में सरपंच का पद रिक्त होने पर यहां चुनाव कराया ज रहा है।
जानकारी के अनुसार यहां लगभग 1300 मतदाता हैं। गांव में दो मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद वहीं पर मतों की गिनती की जायेगी। इस प्रकार निर्वाचित सरपंच का नाम शाम तक सामने आ जायेगा, लेकिन निर्वाचन की विधिवत् घोषणा दूसरे दिन रिटर्निंग अधिकारी द्वारा ब्लॉक मुख्यालय से की जायेगी
पार्षद पद हेतु मतदान आज
स्थानीय नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नं.एक के रिक्त पार्षद पद हेतु भी आज नौ जनवरी को मतदान होगा। इसके लिये स्थानीय आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल में मतदान केन्द्र बनाया गया है। मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके मतों की गिनती 12 जनवरी को होगी। इस वार्ड में भाजपा के रूपेश ठाकुर तथा कांग्रेस के भगत कोर्राम के बीच कांटे की टक्कर है।









































