राजनांदगांव : झीरम घाटी के शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि….

राजनांदगांव 25 मई 2021। आज से 8 वर्ष पूर्व 25 मई 2013 को बस्तर के झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए वरिष्ठ नेताओं और जवानों को आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश के मंत्रीमण्डल, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे इतिहास का काला दिन बताते हुए शहीद हुए सभी लोगों एवं उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित वर्चुअल शोक कार्यक्रम में विधायक मोहन मरकाम, बृहस्पति सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय विनोद वर्मा एवं राजेश तिवारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में महापौर हेमा देशमुख, कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा, पुलिस अधीक्षक डी श्रवण, सीईओ जिला पंचायत अजीत वसंत, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे एवं पार्षद सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। सभी ने शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी एवं दो मिनट का मौन धारण कर झीरम घाटी में अपने प्राणों की आहूति देने वालों के प्रति शोक प्रकट किया।

दंतेवाड़ा एवं जगदलपुर में शहीद श्री महेन्द्र कर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर बस्तर विश्वविद्यालय और डिमरापाल स्थित स्वर्गीय बलीराम कश्यप स्मृति चिकिसा महाविद्यालय के चिकित्सालय का नामकरण शहीद महेन्द्र कर्मा के नाम पर किया गया। राज्यसभा सासंद पीएल पुनिया इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े थे।