
राजनांदगांव के गंज मंडी परिसर में ट्रक से चना चोरी के मामले का बसंतपुर पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया चना और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रौनक जैन ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 अप्रैल को उनके ट्रक में चना लोड कर मंडी परिसर में खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह जांच करने पर ट्रक से चना के कट्टे गायब मिले और मौके पर चना बिखरा हुआ पाया गया। वजन कराने पर करीब 300 किलोग्राम चना कम पाया गया, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों शरद यादव, बाबू मरकाम उर्फ शशि, देवेन्द्र राजपूत और उमेश विश्वकर्मा ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी शरद यादव के कब्जे से लगभग 250 किलोग्राम चना (कीमत करीब 17 हजार रुपये) बरामद किया। साथ ही देवेन्द्र राजपूत और बाबू मरकाम के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक्टिवा भी जब्त की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।










































