राजनांदगांव: डोंगरगांव थाना का वार्षिक निरीक्षण, एसपी ने दिए लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश…

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को थाना डोंगरगांव का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना भवन एवं परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव तथा अभिलेख संधारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने थाना के सभी रजिस्टरों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचकों के पास लंबित अपराध, मर्ग एवं शिकायतों की समीक्षा कर मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।


एसपी सुश्री शर्मा ने थाना में प्राप्त होने वाली प्रत्येक रिपोर्ट पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने, निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग के निर्देश दिए। इसके अलावा बीट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक विश्वसनीय मुखबिर विकसित कर आसूचना तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया गया।

निरीक्षण के दौरान चोरी के एक प्रकरण में सराहनीय कार्य करने पर आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी को पुलिस अधीक्षक द्वारा ईनाम देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनुभागीय अधिकारी (पुलिस) डोंगरगांव मंजूलता बाज एवं थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर भी उपस्थित रहे।