राजनांदगांव 28 मई 2021। नक्सल प्रभावित सुदूर वनांचल क्षेत्र विकासखंड मानपुर के अनेक क्षेत्र में रोड निर्माण होने से गांव अब शहर तक जुड़ गए हैं। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने विकासखंड मानपुर में विभिन्न क्षेत्रों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण किए सड़क का मुआयना किया। उन्होंने नवनिर्मित सड़क के अंतिम छोर में बसे गांव तक पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। सड़कों के जाल से बहुत से गांव विकासखंड मुख्यालय से जुड़ सकेंगे और इन दूरस्थ इलाकों में मूलभूत सुविधाएं सुगम मिलने से इस क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।

कलेक्टर वर्मा ने जिला मुख्यालय के अंतिम छोर औंधी से सरखेड़ा, सरखेड़ा से पेंदोड़ी और ग्राम आमाकोड़ो तक पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। इन गांव में पहुंचकर उन्होंने ग्रामवासियों से चर्चा की एवं वहां मिलने वाली सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। वहां उपस्थित लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण होने से आवागमन में सुविधा मिली है। इसके साथ ही अनेक कार्यों में भी आसानी होती है। गांव की महिला ने बताया कि पेंशन योजना, महुआ, तेन्दूपत्ता विक्रय से उन्हें बैंक के माध्यम से भुगतान प्राप्त होता है। वे पैसे निकालने के लिए आसानी से मुख्यालय तक पहुंच जाते हैं।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सड़कों और पुलियों के निर्माण होने से बारिश के दिनों में भी गांव मुख्यालय से कनेक्ट रह सकेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य सामग्री की सुविधा बाधित नहीं होगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मानपुर विकासखंड में 10 करोड़ 23 लाख रूपए की लागत से विभिन्न सड़कों एवं पुल-पुलियों का किया जा रहा निर्माण- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मानपुर विकासखंड में सरखेड़ा से पेंदोड़ी तक 3 करोड़ 96 लाख 67 हजार रूपए की लागत से सड़क निर्माण पूर्ण हो गया है। औंधी से सरखेड़ा तक 47 लाख 52 हजार रूपए की लागत से सड़क नवीनीकरण का कार्य किया गया। वहीं टी. 05 से आमाकोड़ो के बीच 5 करोड़ 79 लाख 29 हजार रूपए की लागत से 4.90 किलोमीटर तक बीटी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं इस पर 17 नगर पुलिया पूर्ण कर लिया गया है।
एक पुल का निर्माण प्रगतिरत है। इस अवसर पर एसडीएम मोहला सीपी बघेल, सीईओ जनपद पंचायत मानपुर डीडी मंडले, कार्यपालन अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना क्रमांक 2 पीपी खरे, कार्यपालन अभियंता आरईएस एस घोष, तहसीलदार सुरेन्द्र उर्वशा, नायब तहसीलदार सृजल साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











































