राजनांदगांव : पटरी पार की बेटियों ने रचा इतिहास,भारत सरकार के भारतीय खेल प्राधिकरण मे चयन…

राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। पटरी पार क्षेत्र के खेल प्रतिभा ने एक नई ऊंचाई को छुआ है। भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय खेल प्राधिकरण (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया – SAI) के राजनांदगांव स्थित प्रशिक्षण केंद्र में क्षेत्र की तीन उभरती हुई हॉकी खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

Advertisements

यह चयन SAI के आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में 4 एवं 5 फरवरी को आयोजित चयन ट्रायल्स में शारीरिक दक्षता, फिटनेस टेस्ट और कौशल परीक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया। चयनित खिलाड़ियों में पदुमलाल पुन्ना लाल बक्सी स्कूल की छात्रा चांदनी नेताम, शिव शक्ति पब्लिक स्कूल की छात्रा नंदिनी और लक्ष्य पब्लिक स्कूल की छात्रा जान्हवी मेश्राम शामिल हैं।

इस चयन प्रक्रिया में देश भर से आए प्रतिभाशाली युवा हॉकी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। चयनित खिलाड़ियों को अब SAI के छात्रावास में उच्च स्तरीय खेल सामग्री, संतुलित और पौष्टिक आहार, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित प्रशिक्षण, तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

खिलाड़ियों के चयन से क्षेत्रीय हॉकी को मिलेगा प्रोत्साहन
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी ने बताया कि इस प्रकार की सुविधाएं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगी और क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी हॉकी के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा।

छोटे से समय में बड़ी उड़ान
पटरी पार क्षेत्र के इन होनहार खिलाड़ियों ने रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी, छत्तीसगढ़ हॉकी, तथा जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे और खेलो इंडिया के कोच शकील अहमद एवं कोच आरती शेंडे की अहम भूमिका रही। मात्र छह माह की मेहनत में इन खिलाड़ियों ने SAI जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश पाकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

मिलेगा ₹5 लाख का मेडिकल इंश्योरेंस और शैक्षणिक सुविधा

अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने बताया कि खेल के दौरान खिलाड़ियों के चोटिल होने की संभावना रहती है। ऐसे में SAI द्वारा दिए जा रहे ₹5 लाख के मेडिकल इंश्योरेंस से उन्हें समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जो उनके मनोबल को बनाए रखने में सहायक होगी। साथ ही, खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पटरी पार के हॉकी खिलाड़ियों ने रचा इतिहास – खेल छात्रावास में सर्वाधिक चयन

पटरी पार क्षेत्र के लिए यह गौरव का क्षण है। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब इस क्षेत्र से किसी भी खेल मे शासकीय खेल छात्रावास में सर्वाधिक संख्या में हॉकी खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल क्षेत्र की खेल प्रतिभा को दर्शाती है, बल्कि स्थानीय कोचों एवं अभिभावकों की मेहनत और समर्पण का भी प्रमाण है।

स्थानीय हॉकी मैदान पर चल रहे प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की लगन का यह नतीजा है कि आज पटरी पार क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की खेल संरचना में अपना स्थान बना पाए हैं। चयनित खिलाड़ियों की सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं जिन्होंने जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

क्षेत्र के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र अब खेल मानचित्र पर एक नई पहचान बना रहा है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इन खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाएं प्राप्त होगी, जिससे वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना लोहा मनवा सकें।

स्थानीय लोगों में भी इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा गया। चयनित खिलाड़ियों का क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया गया, और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पटरी पार क्षेत्र की यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाले वर्षों में और भी बड़ी कामयाबी की ओर इशारा करती है।

सभी ने दी बधाई

चयनित खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का, जिला हॉकी संघ के सचिव शिव नारायण धकेता, पूर्व निगम अध्यक्ष एवं पार्षद शिव वर्मा, पार्षद सुनील साहू, प्राचार्य प्रतिभा भारद्वाज, समाजसेवी लोकेश जैन, ललित नायडू, प्रदीप शर्मा, कस्टम अधिकारी दीपेश चौबे, मुन्ना लाल जायसवाल, सुखदेव राउत, कोच प्रियंका, अर्चना देवी चौधरी, वीरेंद्र कुमार सिन्हा, कुमारु राम पटेल, स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स क्लब एवं परंपरा संस्था के सदस्यों सहित वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।