राजनांदगांव : पति पत्नी का विवाद, पहले पत्नी की हत्या फिर दी अपनी जान…


राजनांदगांव । पति के साथ विवाद के बाद बहन के घर चली गई पत्नी का शव पुलिस के हाथ लगा है। मौके पर पहुंची पुलिस को पत्नी के शव के साथ ही पति का शव भी प्राप्त हुआ है। बताया जाता है कि पत्नी का शव लगभग 5 दिन पुराना है, जबकि पति ने 24 घंटे के भीतर ही आत्महत्या कर जान दे दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

ठेलकाडीह थाना प्रभारी को 26 दिसंबर की देर शाम यह जानकारी मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर में राजू जांगड़े के खेत में एक अज्ञात शव देखा गया है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो उक्त शव की पहचान दिलीप खरे पिता महा सिंह खरे (45) निवासी ग्राम छछानपाहरी के रूप में

सामने आई। पुलिस ने बताया कि मृतक दिलीप खरे अपने परिवार के साथ ग्राम पोटिया थाना पुलगांव जिला दुर्ग में रहता था। प्रारंभिक विवेचना में यह बात सामने आई है कि 18 दिसंबर को मृतक का उसकी पत्नी कुमारी बाई खरे के साथ वाद विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर उसकी पत्नी कुमारी बाई अपनी बहन ललिता भारती के यहां ग्राम भरदा गोड़ थाना छुईखदान चली गई थी।

अपनी नाराज पत्नी को मनाने के लिए दिलीप खरे ललिता भारती के घर पहुंचा और उसे समझा बुझाकर अपने साथ ग्राम पोटिया जाने के लिए दोनों 21 दिसंबर को वहां से निकले। यह बात भी सामने आई है कि दोनों अपने घर नहीं पहुंचे। परिवार वाले दोनों के विषय में आसपास में पता करते रहे।

ठेलकाडीह थाना प्रभारी को 26 दिसंबर को राजू जांगड़े के खेत में शव होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस ने बताया कि मौके पर जाने के बाद जहां मृतक दिलीप खरे का शव खेत में पड़ा मिला, वहीं उसकी पत्नी कुमारी बाई खरे (42) का शव भी प्राप्त हुआ जो पैरे के ढेर में दबा पाया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर आज सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

हत्या के बाद खुद कर ली आत्महत्या ?

ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर में एक खेत में पाए गए पति-पत्नी के शव को देखकर प्रारंभिक तौर पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली है ! इसके पीछे यह कारण सामने आ रहा है कि पत्नी के शव को एक्सपर्ट लगभग 5 दिन पुराना बता रहे हैं, जबकि उसके पति का शव महज एक दिन पुराना है।