
राजनांदगांव 23 मार्च 2026। पीएम-राहत (प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेसन एण्ड एस्योरड ट्रीटमेंट) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बताया गया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अब तत्काल और कैशलेस ईलाज की सुविधा मिलेगी।
योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल पीडि़तों को गोल्डन ऑवर अर्थात सड़क दुर्घटना के तुरंत बाद के महत्वपूर्ण समय में बिना किसी देरी के अस्पतालों में भर्ती कर अधिकतम 7 दिनों तक प्रति व्यक्ति अधिकतम 1 लाख 50 हजार रूपए तक का कैशलेस उपचार जिले के पंजीकृत समस्त शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यशाला में बताया गया कि योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना हैं।
दुर्घटना के बाद शुरूवाती समय में तत्काल ईलाज मिलने पर कई लोगों की जान बचाई जा सकती हैं। कार्यशाला में जिले के सभी 34 शासकीय अस्पतालों के अस्पताल प्रभारी एवं जिले के कुल 37 निजी अस्पताल प्रभारी व संचालकों को टीएमएस 2.0 पोर्टल एवं ईडीएआर पोर्टल का लाईव प्रशिक्षण प्रोजेक्टर द्वारा प्रदान किया गया। शासन के निर्देशानुसार योजना का प्रभावी क्रियान्वयन एवं पीडि़तों को तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है।
कार्यशाला में जिला टीकाकरण अधिकारी सह नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. बीएल तुलावी, जिला प्रबंधक पीएम-राहत श्री अरूण सोनी एवं जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना श्री ऐश्वर्य साव द्वारा पीएम-राहत योजना के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदाय किया गया। कार्यशाला में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पेण्ड्री राजनांदगांव, जिला चिकित्सालय बसंतपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़, घुमका, सोमनी तथा समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, आरएमए, अस्पताल मेडिको एवं जिले के कुल 37 निजी अस्पतालों से अस्पताल संचालक, अस्पताल प्रबंधक एवं अस्पताल मेडिको उपस्थित थे।










































