
राजनांदगांव। सड़क दुर्घटनाओं और आकस्मिक परिस्थितियों में तुरंत मदद पहुंचाने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस जवानों को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। यह कार्यक्रम पुलिस लाइन मंगल भवन में पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रबंधक प्रदीप शर्मा, डॉ. आयुष गुप्ता और डॉ. हिमांशी सिंह ने प्राथमिक चिकित्सा सहायता और सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विधियों का डेमो प्रस्तुत किया। जवानों को आकस्मिक स्थिति में घायल व्यक्ति की जान बचाने की तकनीकें सिखाई गईं। इसमें अचानक हृदय गति रुकने पर छाती पर दबाव और कृत्रिम श्वसन की प्रक्रिया, सड़क दुर्घटना में घायल को प्राथमिक उपचार देने, खून रोकने, जलने, बेहोशी, साँप के काटने जैसी परिस्थितियों में तुरंत किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी गई।

इस प्रशिक्षण में जिले के थाने-चौकियों, यातायात, हाइवे पेट्रोलिंग, डायल-112, पुलिस लाइन एमटी और थाना पेट्रोलिंग के लगभग 87 पुलिसकर्मी शामिल हुए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आँप्स) मुकेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक और रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने भी सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार के महत्व पर जानकारी दी और डायल-112 स्टाफ की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।









































