राजनांदगांव: फार्महाउस में चल रहा था हाईटेक IPL सट्टा, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा…

राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्राम खैरझिटी स्थित एक कृषि फार्महाउस में छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। इस कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों की पहचान हुई है, जिनमें से 7 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर की निगरानी में सायबर सेल, थाना घुमका, बसंतपुर और लालबाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि फार्महाउस में लैपटॉप, मोबाइल और सॉफ्टवेयर की मदद से “सांई ऐप” के जरिए हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। सट्टेबाज कोड भाषा में हिसाब-किताब भी रख रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, सट्टा लेखा कॉपी, 2 कार, नगदी राशि और सट्टा पट्टी सहित कुल 20 लाख 23 हजार 950 रुपये की संपत्ति जब्त की है।


आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 के अलावा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 111 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार, इस रैकेट में शामिल कई आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नामजद अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।