राजनांदगांव : बिजली की ‘बेवफाई’ पर आंसू बहा रहा नगर…

राजनांदगांव : गर्मी शुरू होने से पहले जिले में बिजली बेवफाई करने लगी है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना डेढ़ से दो घंटे अघोषित रूप में बिजली गुल हो रही है। इसे लेकर ग्रामीण परेशान हैं, क्योंकि शाम होते ही गांव अंधेरे में डूब जाते हैं। राजनांदगांव ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में भी बिजली कटौती लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है।

Advertisements

हाल ही में घूमका-सोमनी क्षेत्र के ग्रामीणों ने विद्युत वितरण कंपनी के चीफ इंजीनियर को ज्ञापन देकर लो- वोल्टेज और कटौती की समस्या से निजात दिलाने की मांग को थी। इसके बाद भी वनांचल सहित राजनंदगांव ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की कटौती थमी नहीं है।

रोज की परेशानीः घुमका क्षेत्र के उपरवाह निवासी शत्रुहन साहू, बिसेसर यादव, पटेवा के कन्हैया देवांगन और सोमनी से लगे ठेकवा, फरहद, बैगाटोला, खुटेरी के ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की कटौती हर रोज हो रही है। कोई भी समय बिजली गुल होने से लोगों को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। आए दिन बिजली कंपनी विद्युत सप्लाई बंद कर देती है।

मुख्यालय से कटौती का बहानाः बिजली कंपनी के सब स्टेशन के कर्मचारी सप्लाई बंद करने का कारण भी नहीं दे पा रहे हैं। ग्रामीणों के सवाल जवाब करने पर विद्युत कर्मी जिला मुख्यालय से ही सप्लाई बंद होने का हवाला देकर चुप्पी साध लेते है। कनिष्ठ अफसरों को भी इसकी जानकारी नहीं होने से ग्रामीणों को बिजली कंपनी का मुंह ताकना पड़ता है।

बिल हाफ करके बिजली हाफ कर रही सरकारः भाजपा नेता शिव वर्मा ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार बिजली बिल हाफ कर बिजली भी आधी कर दी है। ग्रामीणों क्षेत्रों में रोज बिजली की आंखमिचौली की शिकायत आ रही है। इसके बाद भी सरकार बिजली की सप्लाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। आने वाले दिनों में ग्रामीणों को साथ लेकर भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।

सोर्स : naidunia.com