राजनांदगांव : बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रयास करने किया निर्देशित…

– कलेक्टर ने ली शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक

Advertisements

– जिले के समस्त प्राचार्य एवं बीईओ को दिया आवश्यक दिशा- निर्देश

       मोहला 09 दिसंबर 2023। कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने जिले के तीनो विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं सभी प्राचार्यो की समीक्षा बैठक लेकर जिले में शिक्षा व्यवस्था एवं बेहतर बोर्ड परीक्षा परिणाम हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए । उन्होंने सभी प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया की विधानसभा चुनाव के कारण अध्ययन अध्यापन कार्य प्रभावित हुआ है, 

इसलिए आप सभी शिक्षा गुणवत्ता को बेहतर करने एवं जिले में बोर्ड परीक्षा के अच्छे परिणाम हेतु गंभीरता के साथ जुट जाएं। उन्होंने बैठक में सीधे-सीधे कहा की बच्चों के शिक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी एवं जो भी लापरवाही करेंगे उन पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। 

उन्होंने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे शिक्षक जो शाला समय में नशापान करके विद्यालय में उपस्थित होते हैं, उनका निरीक्षण कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी बच्चों को स्वच्छता के लिए भी ज्यादा से ज्यादा प्रेरित करें। जिससे बच्चे अपने परिवार, गांव में भी स्वच्छता का एक बेहतर वातावरण निर्मित करें।

 उन्होंने सभी प्राचार्य को निर्देश दिया कि 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए बच्चों को गुणवत्ता के आधार पर तीन स्तर में विभाजित कर स्तर अनुरूप अध्यापन कार्य सुनिश्चित करें। जिससे परीक्षा में कोई भी विद्यार्थी असफल ना हो। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव में सहयोग हेतु शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारी को धन्यवाद ज्ञापित किया।।
                 परियोजना निर्देशक  श्री हेमंत ठाकुर ने इस बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में विस्तार से चर्चा की एवं शिक्षा विभाग से सहयोग की अपील की।

      जिला शिक्षा अधिकारी  श्री कमल कपूर बंजारे ने  बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाएं जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, पेंशन प्रकरण, निर्माण कार्य, प्री बोर्ड परीक्षा, बोर्ड परीक्षा, लापरवाह कर्मचारियों  की जानकारी, लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के संबंध में ब्लॉकवार ,शालावार विस्तृत समीक्षा की। 

उन्होंने छात्रवृत्ति की धीमी प्रक्रिया पर संबंधित प्राचार्यो को सख्त हिदायत देते हुए एक सप्ताह के भीतर छात्रवृत्ति ऑनलाइन  पूर्ण करने निर्देश दिया। उन्होंने सभी बीईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने विकासखंड के  शालाओं का कड़ाई से निरीक्षण कर लापरवाह कर्मचारियों पर  अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तत्काल भेजें।

       बैठक में तीनों विकास खंड के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं जिले के समस्त प्राचार्य उपस्थित थे।