
राजनांदगांव 18 जून 2021। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के ढाई साल के कामकाज को फिसड्डी करार देते हुए जनता से किए गए वायदे का जवाब मांगा है। भाजपा का कहना है कि ढाई साल तक सत्ता में रहकर भी भूपेश बघेल सरकार जनहितैषी कार्यों की दशा में कुछ नहीं कर पाई। सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। जनता हताश है। बताते चलें किए 17 जून को भूपेश बघेल सरकार का ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है।

वहीं सरकार की कथित विफलता गिनाने के लिए शहर के वार्ड 22 रेवाडीह शक्ति केंद्र से भाजपा प्रदेश सदस्य पूर्णिमा साहू, मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा, नगर निगम विपक्ष नेता किशुन यदु, शिव वर्मा, मुकेश धु्रव, अनिल कौशिक, बबला श्रीवास, हर्ष रामटेके, पारस वर्मा, सुमित भाटिया, अफजल, पंकज, भानु साहू, खोरबाहरा साहू, समीर श्रीवास्तव, महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष डॉ. तेजमाला देशमुख व दक्षिण मंडल महिला मोर्चा प्रभारी सरिता उइके के साथ कार्यकर्ताओं ने ग्राम भ्रमण कर जनता से सवाल किया कि, ढाई साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने जनहित की दिशा में क्या काम किया है। वहीं भूतपूर्व डा. रमन सरकार के 15 वर्ष के कार्यकाल को स्वर्णिम बताया।
जनता के बीच भाजपा प्रदेश सदस्य पूर्णिमा साहू ने जोर देते कहा कि, छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। हर तरफ भय व भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ है। आये दिन प्रदेश में कोई न कोई घटना घट रही है जिससे प्रदेश का कोई वर्ग भी अछूता नहीं है। जिन वादों व घोषणा पत्र के दम पर कांग्रेस सरकार सत्ता में आयी आज वो वादे महज ढकोसला साबित हो रहे हैं।









































