राजनांदगांव : महंगाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया वर्चुअल धरना प्रदर्शन, मोदी सरकार की गलत नीतियों से बढ़ी महंगाई- भानूशाली….

राजनांदगांव 5 जून 2021- देशभर में बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन के बाद अब उसके अग्रिम संगठनों ने भी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस के अग्रिम संगठन राजनांदगांव युवा कांग्रेस की ओर से आज शहर में धरना प्रदर्शन किया गया है।

Advertisements

युवा कांग्रेस की ओर से जिला मुख्यालय पर आज सुबह 10 से 12 बजे तक धरना प्रदर्शन किया गया और केंद्र की मोदी सरकार से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतें कम करने की मांग की गयी है।

प्रदर्शन के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालना किया गया है। युवा कांग्रेस के नेताओं की माने तो देश भर में आज युवा कांग्रेस की ओर से सभी राज्यों में महंगाई के विरोध में एक साथ प्रदर्शन किया जा रहा है।

युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष चेतन भानूशाली का कहना है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते आज देश की आर्थिक स्थिति खस्ताहाल है, देश में निरंतर बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने लोगों की कमर तोड़ दी है। लगातार बढ़ रही महंगाई से हर कोई परेशान है, आमजन की परेशानियों को देखकर ही युवा कांग्रेस आज मोदी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है।