राजनांदगांव 5 जून2021- महापौर हेमा देशमुख ने नगर वासियों को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि पर्यावरण असंतुलन के कारण एक ओर जहां प्रदूषण बढ़ रहा है, वहीं ग्लोबल वार्मिंग, वर्षा का अनियमित होना, एसिड रेन जैसी कई समस्याएं हमारे जीवन को प्रभावित करने लगी है। जीवन के अस्तित्व बचाने के लिए हमें अभी से हमें पर्यावरण संरक्षण की ओर ध्यान देना होगा अन्यथा भविष्य की पीढि़यों के लिए खुली हवा में सांस लेना भी दुष्कर हो जाएगा।

महापौर देशमुख ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य को और अधिक गहरा करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरी दुनिया में लॉकडाउन का एक सकारात्मक पक्ष सामने आया है। प्रदूषण में गिरावट दर्ज की गई और जीव-जन्तु प्रकृति का आनंद लेते दिखाई दिए। यह सुनहरा अवसर है कि हम अपने कार्याें का आत्मचिंतन और आंकलन करें और पर्यावरण अनुकूल वातावरण बनाने में सहयोग दें।
उन्होंने कहा हमें अपने भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण को बचाने का संकल्प लेना चाहिए जिससे हम प्रदूषण रहित स्वस्थ्य राजनांदगांव और स्वस्थ्य छत्तीसगढ के निर्माण में योगदान दे सकें।










































