राजनांदगांव : महिला समूह के काम को सम्मान देना और उन्हें अवसर मुहैया कराकर स्वावलंबी बनाना बिहान मेला का प्रमुख उद्देश्य – कलेक्टर…

राजनांदगांव – कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने महिला समूह को संबोधित करते हुए कहा कि महिला समूह द्वारा जो रास्ता चुना गया है, वह उनके हुनर को साबित करते हुए उन्हें स्वालंबन की राह में ले जाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाये हैं। कलेक्टर ने कहा कि महिला समूह के काम को सम्मान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना बिहान मेला आयोजित करने का प्रमुख उद्देश्य है। बिहान मेला का आयोजन होने से समूह के द्वारा एक दूसरे के काम को देखने का मौका मिला और उन्हें अपने हुनर को साबित करने का अच्छा मौका मिला है।

कलेक्टर ने महिला समूह को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अपने उत्पादों के संबंध में लोगों को बताएं। कलेक्टर ने कहा कि अच्छी पैकेजिंग करें। आकर्षक पैकिंग होने से लोग समान को हाथों-हाथ खरीदते हैं। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि महिला समूहों की मांग और उनके काम को गति देने के लिए बैंक लिंकेज के माध्यम से ऋण स्वीकृति दी जा रही है। उन्होंने महिला समूह को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपनी कामयाबी की राह में अगर कोई बाधा आए तो उसे पीछे छोड़कर आगे बढऩे तत्पर रहें।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित कुमार ने महिला समूह को शुभकामनाएं और बधाइयां देते हुए कहा कि महिला समूह आज हर क्षेत्र में अपने आपको साबित कर रही है। यह महिला समूहों की सामूहिक सहभागिता और अपने कार्य के प्रति लगन से हो रहा है। उन्होंने महिला समूह से कहा कि एक दूसरे के कार्यों को देखें और अच्छे कार्यों का अनुसरण भी करें। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ श्री गिरीश रामटेके उपस्थित थे।


इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट कार्यों से अमिट छाप छोडऩे वाले महिला समूह को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। स्वच्छता, कुपोषण मुक्ति, वर्मी कंपोस्ट निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान और अन्य महिला समूह के लिए प्रेरणा स्रोत बनने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। स्वच्छता के क्षेत्र में महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन के उपयोग करने और इसके फायदे के लिए महिलाओं को जागरूक करने के लिए ग्राम बागरेकसा की श्रीमती गोदावरी निषाद को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार उत्कृष्ट कंपोस्ट खाद बनाने के लिए बजरंगीडीह की महिला समूह को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। सामुदायिक बाड़ी उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम सहसपुर के 10 सफल उद्यमी को पुरस्कृत किया गया। जिससे महिला समूह योजना का लाभ लेकर अपनी हुनर को और तराश सकते हैं। इस अवसर पर पंथी नृत्य, सुआ नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। बिहान मेला में महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वच्छता, कुपोषण मुक्ति की जानकारी दी गई।

बिहान मेले में महिला समूह द्वारा लगाए गए छत्तीसगढ़ व्यंजन और खाद्य सामग्री आकर्षण का केंद्र रहा। बिहान मेला में स्वसहायता समूह धनडोंगरी और पारागांव की महिलाओं ने फिनाइल, साबुन, निरमा, हरपिक की दुकान लगाई। इसी प्रकार पनियाजोब, भोथली, लेडीजोब की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने हरी सब्जी, मुसराकला की महिलाओं ने आचार, पापड़, बड़ेकुसमी की महिलाओं ने मनिहारी, मुगलानी की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ व्यंजन, कोलिहापुरी, मुसराकला की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी खास खजाना, बड़े कुसमी की महिलाओं ने मनिहारी,

राजनांदगांव की महिला समूह के द्वारा गिफ्ट आइटम, पारागांव की महिलाओं ने कपड़ा दुकान, अछोली की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने अगरबत्ती, ठाकुरटोला की महिलाओं ने चप्पल साड़ी, एलबीनगर की महिलाओं ने पापड़, बैग निर्माण, नागरेकसा की बहनों ने सेनेटरी पैड, पलान्दुर की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने फैंसी ड्रेस, मुसराकला की महिलाओं ने खिलौने समान, बागरेकसा की महिलाओं ने एलईडी बल्ब की दुकान लगाकर अपने यहां उत्पादित सामानों की प्रदर्शनी- सह बिक्री की। इस अवसरपर एनआरएलएम के डीपीएम श्री उमेश तिवारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।