राजनांदगांव : माह अंत तक सम्पत्तिकर का भुगतान कर 4 प्रतिशत छुट का लाभ लेने आयुक्त ने की अपील…

राजस्व वसूली के लिये 21 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक वार्डो में शिविर आयोजित

राजनांदगांव 20 दिसम्बर। नगर निगम राजस्व वसूली के लिये सुनियोजित अभियान चलाने जा रहा है। निगम आयुक्त श्री अभिषेक गुप्ता ने बकाया राजस्व वसूली के लिये वार्ड प्रभारियों के साथ-साथ पूरी राजस्व टीम को वार्डवार शिविर के संबंध में कार्यक्रम निर्धारित कर लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य सम्पादित करने के निर्देश दिये हैं।

राजस्व शिविर के प्रभारी अधिकारी उपायुक्त श्री मोबिन अली एवं राजस्व अधिकारी श्री दीपक अग्रवाल रहेंगे।
निगम आयुक्त श्री गुप्ता ने राजस्व वसूली कार्यक्रम की जानकारी देते हुये बताया कि वर्तमान में नगर निगम की राजस्व वसूली शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। लक्ष्य के अनुरूप वसूली हेतु 12 वार्डो में प्रातः 10ः00 बजे से 4ः00 बजे तक 21 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक प्रतिदिन वार्डों में चलाये जाने वाले इस अभियान के लिये अधिकारियों व कर्मचारियों को राजस्व वसूली का दायित्व सौपा गया है।

उन्होनंे बताया कि शासन द्वारा दिसम्बर माह में सम्पत्तिकर का भुगतान करने पर 4 प्रतिशत छुट का प्रावधान है। करदाताओं को छुट का लाभ देने एवं लक्ष्य के अनुरूप वसूली हेतु वार्डो में शिविर आयोजित की जा रही है। शिविर में सम्पत्तिकर के साथ साथ जलकर, समेकितकर,दुकान किराया/लायसेन्स/गुमटी एवं अन्य बकाया की वसूली की जावेंगी।


निगम आयुक्त श्री गुप्ता ने बताया कि शिविर दिनांक 21 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक वार्ड नं. 4 के लिये प्राथमिक शाला पुराना ढाबा व पंचायत भवन नया ढाबा में, वार्ड नं. 21 के लिये प्राथमिक शाला पेण्ड्री में, वार्ड नं. 22 के लिये आंगनबाडी भवन गौठान के पास रेवाडीह में, वार्ड नं. 31,32,33,34,35 व 36 के लिये सामुदायिक भवन लखोली में वार्ड नं. 49 के लिये पार्षद कार्यालय मोहड में, वार्ड नं. 50 के लिये निषाद भवन सिंदई में एवं वार्ड नं. 51 के लिये पार्षद कार्यालय हल्दी में प्रातः 10ः00 से 4ः00 बजे तक शिविर का आयोजन किया गया है।


आयुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि उपरोक्त शिविर स्थलों में किसी भी वार्ड के करदाता अपनी पुरानी भुगतान रसीद दिखाकर अपने बकाया करों का भुगतान कर सकते है। उन्होंने सभी नागरिकों से नगर निगम द्वारा आयोजित वार्ड शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्पत्तिकर में 4 प्रतिशत छुट का लाभ लेकर अपने बकाया करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनने की अपील की है।